Maharajganj Times

यूट्यूब से वीडियो देखकर बना रहा था फर्जी आधार-आयुष्मान कार्ड, इंडो-नेपाल बॉर्डर से दो गिरफ्तार

अपराध
Friday, 13 Feb, 2026
0
569

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : भारत-नेपाल सीमा से सटे नौतनवां में एक छोटे से ग्राहक सेवा केंद्र के भीतर पहचान का खतरनाक खेल चल रहा था। यूट्यूब से सीखी तरकीब और रिमोट एक्सेस ऐप के सहारे दो युवक चोरी की आईडी-पासवर्ड से आधार और आयुष्मान कार्ड तैयार कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छापा मारकर पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश कर दिया। नौतनवां थाना क्षेत्र के बैरवा बनकटवा टोला, मणि चौराहा स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र पर गुरुवार को पुलिस टीम ने दोपहर करीब 2:40 बजे छापेमारी की। अंदर दो युवक लैपटॉप और बायोमेट्रिक उपकरणों के साथ संदिग्ध तरीके से आधार एनरोलमेंट कार्य करते मिले। मौके से सूर्यनरायण (32) निवासी दुर्गापुर और धीरज चौरसिया (25) निवासी एकमा लक्ष्मीपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों ने यूट्यूब से तरीका सीखा और मन्टू कुमार नामक व्यक्ति के संपर्क में आए, जिसने खुद को अधिकारी बताकर AnyDesk ऐप के जरिए रिमोट लॉगिन उपलब्ध कराया। आरोपी प्रति कार्ड 500 से 1000 रुपये तक वसूलते थे और आधी रकम यूपीआई से मन्टू को भेजते थे। अब तक करीब 20 कार्ड फर्जी तरीके से बनाए जाने की जानकारी मिली है।छापे में एसर लैपटॉप, आइरिस डिवाइस, बायोमेट्रिक मशीन, तीन मोबाइल फोन, सात एनरोलमेंट स्लिप और 3450 रुपये नकद बरामद किए गए। बीएनएस व आधार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय भेजा गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।